फर्रुखाबाद रोडवेज बस स्टैंड पर शनिवार को होगा महाराणा प्रताप प्रतिमा का अनावरण, तैयारियां अंतिम चरण में

फर्रुखाबाद के रोडवेज बस स्टैंड परिसर में स्थापित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण शनिवार को किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह और परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रशासन और आयोजन समिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रतिमा स्थल पर जलभराव से बढ़ी चिंता, तत्काल लिया गया एक्शन

अनावरण समारोह से पहले प्रतिमा स्थल पर जलभराव की समस्या सामने आने के बाद अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। सड़क स्तर से नीचे बने प्रतिमा स्थल के सामने बारिश का पानी जमा हो रहा था, जिससे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। निरीक्षण के दौरान समस्या सामने आने पर प्रशासन ने तत्काल समाधान के निर्देश जारी किए।

रातभर चला निर्माण कार्य, हटाई गई टाइलें और कराया गया मिट्टी भराव

समस्या के समाधान के लिए गुरुवार रात से ही युद्धस्तर पर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। नगर पालिका और संबंधित विभागों के समन्वय से प्रतिमा स्थल के आसपास लगी सीमेंटेड टाइलों को हटाया गया। इसके बाद मिट्टी भराव कर रोलर के माध्यम से जमीन को समतल किया गया, ताकि भविष्य में जलभराव की स्थिति न बने। अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार शाम तक अधिकांश कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

85 मीटर लंबा फुटपाथ बनाया जा रहा, कार्यक्रम में वीआईपी मूवमेंट की विशेष व्यवस्था

प्रतिमा स्थल के सामने करीब 85 मीटर लंबा और 7 मीटर चौड़ा फुटपाथ भी तैयार किया जा रहा है। मजदूर तेजी से ईंट बिछाने के कार्य में जुटे हैं। कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए मंच, पंडाल और वीआईपी गैलरी की अलग व्यवस्था की जा रही है। प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए विशेष क्रेन भी लगाई जाएगी।

जेई भीष्म सिंह और प्रमोद कुमार की निगरानी में चल रहा कार्य

निर्माण और सौंदर्यीकरण का कार्य जेई भीष्म सिंह और प्रमोद कुमार की देखरेख में कराया जा रहा है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि शनिवार को होने वाले अनावरण समारोह में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन समिति ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News