फर्रुखाबाद में आबकारी दुकानों की ई-लॉटरी सम्पन्न, 13 दुकानों के लिए आए 240 आवेदन
Share your love

जनपद फर्रुखाबाद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी विभाग की देशी शराब, कम्पोजिट और भांग की दुकानों के व्यवस्थापन हेतु गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ई-लॉटरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई। पूरी प्रक्रिया जिलाधिकारी एवं लाइसेंस प्राधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, आबकारी आयुक्त द्वारा नामित सदस्य एवं सहायक आबकारी आयुक्त देवेन्द्र रावत तथा जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता की उपस्थिति में हुई। इस दौरान आबकारी निरीक्षक, विभागीय स्टाफ और बड़ी संख्या में आवेदक भी मौजूद रहे।
पारदर्शिता दिखाने के लिए पहले कराया गया मॉक ट्रायल
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि कुल 13 दुकानों के लिए 240 आवेदन प्राप्त हुए थे। ई-लॉटरी की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए पहले सिमुलेशन यानी मॉक ट्रायल कराया गया। इसमें देशी शराब की राजेन्द्र नगर दुकान पर 65 आवेदनों के बीच प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया, ताकि सभी आवेदकों को यह स्पष्ट हो सके कि रैंडमाइजेशन पूरी तरह निष्पक्ष और समान अवसर के आधार पर किया जा रहा है।
इसके अलावा कम्पोजिट दुकान बराकेशव, जहां 42 आवेदन प्राप्त हुए थे, तथा भांग की दुकानों के लिए भी सिमुलेशन प्रक्रिया दिखाई गई। इसके बाद फाइनल रैंडमाइजेशन कराया गया।
देशी शराब की सात दुकानों का हुआ आवंटन
देशी शराब की सात दुकानों के लिए कुल 214 आवेदन आए थे। फाइनल रैंडमाइजेशन के बाद रेलवे रोड दुकान मंजू देवी, इकलहरा दुकान प्रभात कुमार गुप्ता, रामनगर दुकान सरला देवी, शिकारपुर दुकान रमेश, भोजपुर दुकान बृजेश कुमार, कुम्हरौर दुकान अरुण प्रताप सिंह तथा राजेन्द्र नगर दुकान पवन कुमार के नाम आवंटित की गई।
कम्पोजिट दुकानों के लिए भी दिखी कड़ी प्रतिस्पर्धा
कम्पोजिट श्रेणी की तीन दुकानों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचे। रैंडमाइजेशन के बाद बहबलापुर दुकान ऋषिदेव, बराकेशव दुकान धर्मा और सिनौड़ा दुकान विष्णु प्रकाश गुप्ता के नाम आवंटित की गई।
भांग की दुकानों के लिए भी निकली ई-लॉटरी
भांग की तीन दुकानों का भी ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया गया। किराना बाजार दुकान दिलदीप कुमार गुप्ता, नितगंजा दुकान सनी और साहबगंज दुकान मनीषा वर्मा को आवंटित हुई।
नई आबकारी नीति में ई-लॉटरी पर बढ़ा जोर
उत्तर प्रदेश सरकार ने नई आबकारी नीति के तहत शराब और भांग की दुकानों के आवंटन के लिए ई-लॉटरी व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। इससे आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी हुई है तथा दुकानों के आवंटन में निष्पक्षता सुनिश्चित करने का दावा किया जा रहा है। प्रदेश में दूसरे चरण की ई-लॉटरी प्रक्रिया के तहत देशी शराब, कम्पोजिट और भांग की दुकानों के लिए आवेदन 31 मार्च से शुरू हुए थे।
नई नीति के तहत शराब की दुकानों के आवंटन के लिए ई-लॉटरी प्रणाली लागू की गई है, जिससे अधिक संख्या में आवेदकों को मौका मिल रहा है और प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संचालित हो रही है।






