रफ्तार ने मचाया कहर: थार की टक्कर के बाद दूर जा गिरा युवक, मोपेड घिसटती रही

फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र में इटावा–बरेली नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने मोपेड सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 27 वर्षीय आशुतोष मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद थार में फंस गई मोपेड, दूर तक घिसटती रही

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद आशुतोष की मोपेड थार के अगले हिस्से में फंस गई और वाहन करीब 100 से 200 मीटर तक उसे घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान सड़क पर चिंगारियां निकलती रहीं और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह वाहन को रुकवाया और घायल युवक को तुरंत अस्पताल भेजा।

दवाई मशीन देने जा रहे थे युवक, अचानक हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक राजेपुर क्षेत्र के खंडोली गांव निवासी आशुतोष मोहन मोपेड से निविया चौराहा स्थित भदौरिया कृषि केंद्र की ओर जा रहे थे। वह खेत में इस्तेमाल होने वाली दवा मशीन की टंकी देने जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे के पास पहुंचे, फर्रुखाबाद की ओर से आ रही काली थार ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल के पिता ने पुलिस पर लगाए आरोप

घटना के बाद घायल युवक के पिता अमरीश कुमार ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और होमगार्ड ने वाहन को जाने दिया। उनका कहना है कि हादसे के बाद भी वाहन चालक को रोका नहीं गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी दुर्घटना के बाद की स्थिति को लेकर सवाल उठाए हैं।

पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

इस मामले में राजेपुर थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया और कहा कि शिकायत मिलने पर संबंधित वाहन और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *