कायमगंज दंपति हत्याकांड: पांच टीमें जांच में जुटीं, संपत्ति विवाद भी आया शक के घेरे में

संवाद 24 संवाददाता। कायमगंज नगर के चर्चित दंपति हत्याकांड में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। कानपुर रेंज के डीआईजी हरिश्चंद्र ने शुक्रवार दोपहर घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और जल्द खुलासे का दावा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच अलग-अलग टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।

डीआईजी के अनुसार प्रारंभिक जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं जो घटना को योजनाबद्ध हत्या की ओर इशारा करते हैं।घटना के समयमकान का दरवाजा खुला मिला।घर के अंदर संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए।
मृतकों के गले पर निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।उन्होंने बताया कि मृतक पुरुषोत्तम कौशल बीमार चल रहे थे और शवों का पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि हो सके। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात कही जा रही है।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह इस प्रकरण की व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक सुरभि गंगवार सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हत्याकांड का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।

घटना के बाद परिवार में सामने आया विवाद जांच की दिशा बदल सकता है। देर रात मृतक दंपति की बेटी गुनगुन (गुरुग्राम) और पुष्पा की बहन चंदा देवी (कानपुर) घर पहुंचीं। यहां पुरुषोत्तम कौशल की संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों में तीखा विवाद हुआ और एक-दूसरे पर संपत्ति हड़पने के आरोप लगाए गए।पुलिस अब इस विवाद को भी गंभीरता से जांच रही है। सूत्रों के अनुसार संपत्ति को लेकर रंजिश हत्या की संभावित वजहों में शामिल कर ली गई है।

कायमगंज के मोहल्ला कूंचा दरवाजा निवासी वृद्ध दंपति पुरुषोत्तम कौशल और उनकी पत्नी पुष्पा के शव हाल ही में उनके घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे। दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पारिवारिक पहलुओं—तीनों को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ रही है। अधिकारियों का दावा है कि मामले का खुलासा जल्द किया जाएगा।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News