जाम में फंसा अपर्णा यादव का काफिला, रोडवेज बसों की अव्यवस्था बनी वजह
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव का काफिला बुधवार को कन्नौज शहर में भीषण जाम में फंस गया। जीटी रोड पर रोडवेज बसों के आड़ी-तिरछी खड़े होने से करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें उनका काफिला लगभग 15 मिनट तक रुका रहा। सरायमीरा क्षेत्र में एक किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब 20 मिनट का समय लगा।
जाम खुलवाने के लिए ट्रैफिक पुलिस के दो सिपाही और छह होमगार्ड मौके पर जुटे रहे। अव्यवस्थित खड़ी बसों और डग्गामार वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करने का प्रयास किया गया। इस दौरान जिला पंचायत कार्यालय के सामने एक एम्बुलेंस भी जाम में फंसी रही, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार रोडवेज बस स्टैंड के बाहर बसों के अनियोजित खड़े होने, आसपास के दुकानदारों के अतिक्रमण और अवैध टेम्पो स्टैंड के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। प्रशासनिक स्तर पर कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
अपर्णा यादव शहर के बिनोद दीक्षित अस्पताल स्थित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण करने के बाद जिला अस्पताल पहुंचीं। वहां वार्ड में शौचालय गंदा मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद वह तिर्वा रोड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचीं, जहां छात्राओं की आवासीय और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया।
इससे पहले वह कन्नौज जिले के ठठिया क्षेत्र के रिक्खापुरवा गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने प्राचीन अखिलेश्वर धाम मंदिर में पूजा-अर्चना की। आश्रम में ब्रह्मलीन 1008 देव शरण नंद महाराज की प्रतिमा का लोकार्पण कार्यक्रम महंत सौरभ महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के बाद वह शहर के लिए रवाना हुईं।
निरीक्षण और कार्यक्रमों के उपरांत अपर्णा यादव का काफिला लखनऊ के लिए रवाना हो गया। शहर में लगे जाम की घटना ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या को उजागर कर दिया है।






