एटा में निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियां, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

Share your love

संवाद 24 एटा। अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शनिवार को एटा जनपद के तहसील सदर व कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों की स्थिति पर असंतोष जताया गया। मांगने पर कर्मचारी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने राजस्व अभिलेखागार, भूलेख अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, उप जिलाधिकारी न्यायालय, अपर जिलाधिकारी न्यायालय, नजारत, स्थानीय निकाय अनुभाग और शस्त्र अनुभाग का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व न्यायालयों में पारदर्शिता और त्वरित निस्तारण से आमजन को समय पर न्याय मिलना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण से संबंधित प्रविष्टियों को रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा गन शॉप्स की नियमित जांच के निर्देश भी दिए।

होली पर्व को ध्यान में रखते हुए मंडलायुक्त ने सहायक आयुक्त खाद्य को बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाने और मिलावटखोरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के जीर्णोद्धार कक्ष का लोकार्पण भी किया गया। इसके अतिरिक्त विनियमित क्षेत्र में ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम का शुभारंभ किया गया, जिससे भवन मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और त्वरित बनाने में मदद मिलेगी।

मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रस्तावित बहुउद्देशीय हाल, शेड एवं बेंच निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए अधिवक्ताओं और वादकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News