बरेली में दर्दनाक हादसा: हाईवे पर पेड़ से टकराई कार, महिला समेत तीन की मौत

संवाद 24 बरेली। किला थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा दिल्ली हाईवे पर स्वाले नगर के पास हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार सड़क के बीच खड़े सेमल के पेड़ से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार मृतकों में रामपुर के कल्याणपुर शहजादनगर निवासी 30 वर्षीय मोनी पत्नी गोविंद, 60 वर्षीय खेमकरन (गोविंद के पिता) और 85 वर्षीय रामगुलाम (निवासी शिवपुरी, थाना मुंडापांडे, मुरादाबाद) शामिल हैं। वहीं गोविंद, उनका दो वर्षीय पुत्र और चाचा राम बहादुर गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को रामपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि परिवार थाना शाही क्षेत्र के गांव मंसूरगंज में एक शादी समारोह में शामिल होकर रात करीब एक बजे वापस लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे के बीच खड़े पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सेमल के पेड़ से कार टकराई, वह लंबे समय से सड़क के बीच खड़ा है और पूर्व में भी कई हादसों की वजह बन चुका है। आरोप है कि पेड़ पर कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने इसे हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

क्षेत्रवासियों ने रामपुर रोड की जर्जर स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क कई स्थानों पर टूटी हुई है, जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और रेत-बजरी कारोबारियों द्वारा सड़क किनारे अतिक्रमण किया गया है, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा स्थानीय लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा संबंधी ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *