ठठिया के दो युवक सड़क हादसे का शिकार, एक की मौत, दूसरा गंभीर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया क्षेत्र के दो युवकों का कानपुर जनपद के अरौल क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मंगलवार देर रात लगभग 10 बजे भिलाई गांव के सामने की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठठिया निवासी 23 वर्षीय सौरभ पुत्र स्वर्गीय अनूप और 20 वर्षीय आकाश पुत्र रामविलास मोटरसाइकिल से बिल्हौर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाई गांव के सामने उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि सौरभ ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। घायल आकाश का उपचार अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





