अवैध बायोडीजल पंप पर प्रशासन की कार्रवाई, पंप सील संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे एक बायोडीजल पंप पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। निरीक्षण के दौरान पेट्रोल-डीजल बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, औसेर-रसूलाबाद मार्ग पर स्थित रघुवीर सिंह फिलिंग स्टेशन पर गुरुवार देर शाम एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलवीर सिंह, ठठिया थानाध्यक्ष देवेश पाल तथा पूर्ति निरीक्षक अंकित अग्रवाल की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पंप परिसर में पेट्रोल और डीजल की बिक्री के लिए स्थापित डिस्पेंसिंग यूनिट पाई गई।

निरीक्षण के समय जब संचालक से पंप संचालन से संबंधित लाइसेंस और अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर अधिकारियों ने मौके पर मौजूद भूमिगत पेट्रोल और डीजल के टैंकों को सील कर पंप संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया तथा बिना सक्षम अनुमति संचालन न करने के निर्देश दिए।

पूर्ति निरीक्षक अंकित अग्रवाल की तहरीर पर ठठिया पुलिस ने थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के नादेमऊ निवासी राहुल कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से ईंधन बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News