महोबा में भीषण सड़क हादसा: थार की टक्कर से मामा-भांजे की मौत, मां-बेटी गंभीर घायल

Share your love

संवाद 24 महोबा। कानपुर-सागर हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई, जबकि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार थाना कबरई क्षेत्र के कहरा गांव निवासी सुरेश (35) अपनी बहन शकुंतला (40), भांजी अनुष्का (13) और भांजे दिव्यांश (11) के साथ बाइक से सिरसीकलां में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान छानीकलां स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार थार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में दिव्यांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेश ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायल शकुंतला और अनुष्का का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। बताया गया है कि बाइक पर चार लोग सवार थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जानलेवा स्थिति बनी।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए, हालांकि वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई अन्य सड़क दुर्घटनाओं में युवक समेत कई लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News