यूपी बजट 2026: योगी सरकार आज पेश करेगी अपना 10वां बजट, युवाओं-किसानों पर रहेगा खास फोकस

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार आज अपना 10वां बजट विधानसभा में पेश करेगी। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सुबह 11 बजे बजट प्रस्तुत करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले आने वाले इस बजट को सरकार की नीतिगत प्राथमिकताओं और आगामी विकास योजनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का अनुमानित आकार करीब 9.12 लाख करोड़ रुपये रहने की संभावना है, जो पिछले वित्तीय वर्ष के बजट से काफी अधिक है। बजट को अंतिम रूप देने से पहले मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बजट प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

इस बजट में सरकार का मुख्य ध्यान युवा, महिला, किसान, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचा विकास पर रहने की उम्मीद है। साथ ही औद्योगिक निवेश बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए भी बड़े प्रावधान किए जा सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए पूंजीगत व्यय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। पूर्वांचल, बुंदेलखंड और अन्य पिछड़े क्षेत्रों के संतुलित विकास को भी बजट में विशेष प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है, ताकि विकास का लाभ प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक पहुंचे।

सरकार का कहना है कि वित्तीय अनुशासन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया यह बजट आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और निवेश, रोजगार तथा आधारभूत ढांचे को और मजबूती देगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *