जमीन सौदे के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी, पुलिस ने बिल्डर को दबोचा


संवाद 24 गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र में फर्जी बिल्डर्स एग्रीमेंट के माध्यम से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बिल्डर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजघाट क्षेत्र के पिछौरा हरदिया निवासी आशुतोष मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके तीन अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच के अनुसार आरोपी ने मोहद्दीपुर क्षेत्र की एक भूमि के संबंध में भूमि स्वामी की कथित सहमति का फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़ित को विश्वास में लिया। इसी आधार पर 18 अगस्त 2023 को उपनिबंधक कार्यालय में विधिवत पंजीकृत अनुबंध कराया गया और जमीन में हिस्सेदारी के नाम पर निवेश करने का प्रस्ताव दिया गया।

आरोप है कि अनुबंध के बाद आरोपी आशुतोष मिश्रा और उसके सहयोगियों ने चेक, आरटीजीएस तथा नकद के माध्यम से विभिन्न तिथियों में लगभग 1.65 करोड़ रुपये वसूल लिए। इसके अतिरिक्त मामले में जुड़े अन्य आरोपियों द्वारा अलग से बड़ी रकम ऐंठे जाने की भी शिकायत सामने आई है।

पीड़ित को जब भूमि स्वामी से सीधे संपर्क करने पर फर्जीवाड़े की जानकारी मिली तो उसने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हत्या कराने की धमकी दी और अराजक तत्वों के साथ पीड़ित के कार्यालय पहुंचकर परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी भी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है और ठगी की कुल राशि तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पड़ताल की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News