एक साथ जलीं दो चिताएं, पति-पत्नी की मौत बनी इलाके में चर्चा का विषय

Share your love

संवाद 24 अमरोहा। मानव संवेदनाओं को झकझोर देने वाली घटना में पत्नी की मौत के महज 15 मिनट बाद पति ने भी दुनिया छोड़ दी। पति जहां मेरठ के एक निजी अस्पताल में इलाजरत थे, वहीं पत्नी ने घर पर ही अंतिम सांस ली। दंपती की लगभग एक साथ हुई मौत से परिजनों सहित पूरा क्षेत्र स्तब्ध रह गया।

जानकारी के अनुसार, जिला बिजनौर के गांव लुहारपुर निवासी नीटू (45) अपनी पत्नी सपना उर्फ नन्हिया और परिवार के साथ गजरौला के अवंतिका नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहते थे। नीटू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे, जबकि पत्नी सपना गृहस्थी संभालती थीं। दंपती ने करीब दो वर्ष पूर्व अपने पुत्र शिवम का विवाह किया था।

परिजनों ने बताया कि लगभग दो सप्ताह पूर्व नीटू को तेज बुखार की शिकायत हुई थी। पहले उन्हें नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां उनका उपचार चल रहा था।

इसी बीच तीन दिन पूर्व पत्नी सपना को भी बुखार आ गया था। उनका उपचार घर पर ही चल रहा था। बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई और करीब सुबह 9:45 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना मेरठ में भर्ती नीटू को दी

पत्नी के निधन की जानकारी मिलते ही अस्पताल में भर्ती नीटू की हालत भी बिगड़ गई और करीब 15 मिनट के भीतर उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। पति-पत्नी की इतने कम अंतराल में हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

दंपती का अंतिम संस्कार तिगरी में किया गया। एक साथ दो चिताएं जलते देख गांव और मोहल्ले में शोक का माहौल रहा। इस हृदयविदारक घटना की चर्चा दिनभर क्षेत्र में होती रही।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News