
संवाद 24 रायबरेली। लालगंज क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब रेलवे स्टेशन से आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) की ओर जा रहा एक माल इंजन अचानक पटरी से उतर गया। गनीमत यह रही कि इंजन की गति बेहद धीमी थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना चिमनामऊ गांव के सामने स्थित रेल ओवरब्रिज के पास की बताई जा रही है, जहां मुख्य रेल लाइन से आरेडिका को जाने वाली लाइन अलग होती है। दोपहर के समय इंजन संख्या WDG-4G 49425 रेलवे स्टेशन से डिब्बों की रैक लेने के लिए आरेडिका जा रहा था, तभी इंजन का एक पहिया पटरी से उतर गया।
रेलवे सूत्रों के अनुसार लोको पायलट ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत इंजन को रोक दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और इंजन को पुनः पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू किया गया।
मामले को लेकर अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। आरेडिका प्रबंधन की ओर से आशंका जताई जा रही है कि पटरी के छल्लों के साथ छेड़छाड़ या चोरी का प्रयास किया गया हो सकता है, जबकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पटरी के धंसने के कारण छल्ले अपनी जगह से खिसक सकते हैं। वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के चलते संबंधित रेल लाइन पर कुछ समय के लिए परिचालन प्रभावित रहा। फिलहाल रेलवे की तकनीकी टीम स्थिति को सामान्य करने में जुटी हुई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






