इटावा–बरेली हाईवे पर लगा पांच किमी लंबा जाम

संवाद 24 संवाददाता। वसंत पंचमी के अवसर पर पांचाल घाट गंगा किनारे लगी रामनगरिया में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से इटावा–बरेली हाईवे पर शुक्रवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। सुबह करीब 11 बजे से शाम छह बजे तक हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बेहद धीमी रही और लगभग पांच किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इस दौरान वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम की मुख्य वजह पांचाल घाट पर स्थित गंगा पुल का संकरा होना और स्नान पर्व के कारण वाहनों की अत्यधिक संख्या रही। सुबह से ही पुल पर दबाव बढ़ता गया, जिसके चलते बेवर की ओर मसेनी और सेंट्रल जेल चौराहे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं पुल के उत्तर दिशा में जमापुर तक करीब दो किलोमीटर दूर वाहन फंसे रहे। हाईवे के दोनों ओर यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से जवानों की ड्यूटी लगाई गई और पुल पर वाहनों को लगातार चलवाने का प्रयास किया गया। हालांकि रामनगरिया की ओर वाहनों के मुड़ने के कारण बार-बार यातायात रोकना पड़ा, जिससे जाम और गहरा गया। कादरीगेट और राजेपुर थाना पुलिस मौके पर तैनात रही। छोटे वाहनों को निकालने के उद्देश्य से भारी वाहनों को हाईवे किनारे खड़ा कराया गया, लेकिन इससे भी यातायात संचालन में अतिरिक्त दिक्कतें उत्पन्न हुईं।

यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह और कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि गंगा स्नान पर्व के चलते वाहनों की संख्या सामान्य से कहीं अधिक थी। साथ ही गंगा पुल के संकरा होने के कारण वाहनों की गति नियंत्रित रखनी पड़ी, जिससे जाम की स्थिति बनी रही। देर शाम तक भी वाहनों का दबाव कम नहीं हो सका

रामनगरिया में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए पंटून पुल पर भी दबाव दिखाई दिया। सुरक्षा के मद्देनज़र पंटून पुल पर दोपहिया वाहनों का आवागमन रोक दिया गया और केवल पैदल श्रद्धालुओं को ही निकलने की अनुमति दी गई। इसके बावजूद देर रात तक पुल पर महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ बनी रही, जिससे पैदल चलने वालों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News