तालग्राम में सड़क हादसा: कार-बाइक भिड़ंत में दो युवक घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिसौली स्थित जीटी रोड पर शुक्रवार शाम कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार शाम करीब चार बजे हुआ। तालग्राम की ओर से तेज गति में आ रही एक कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान थाना सौरिख क्षेत्र के ग्राम ईसमपुर निवासी बिट्टू पुत्र प्रताप सिंह (30 वर्ष) और राजेश (35 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की सहायता से दोनों को तालग्राम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही तालग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार व बाइक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।






