
संवाद 24 संवाददाता। बसंत पंचमी के अवसर पर अरौल मकनपुर में लगने वाले पारंपरिक मेले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की है। कासगंज–कानपुर रेलखंड पर स्थित अरौल मकनपुर स्टेशन पर छह यात्री ट्रेनों को अस्थायी रूप से ठहराव देने का निर्णय लिया गया है, जिससे मेले में आने-जाने वाले लोगों को सुगम आवागमन मिल सके।
रेलवे के अनुसार यह सुविधा 21 जनवरी से 3 फरवरी तक कुल 14 दिनों के लिए लागू रहेगी। इस अवधि में मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। ठहराव व्यवस्था से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने जानकारी दी कि कासगंज–कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस (15037) अरौल मकनपुर स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव करेगी। यह ट्रेन दोपहर 12:50 बजे पहुंचेगी और 12:52 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं वापसी में कासगंज–कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस (15038) 16:36 बजे पहुंचकर 16:38 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
इसके अतिरिक्त छपरा–फर्रुखाबाद उत्सर्ग एक्सप्रेस (15083) सुबह 10:52 बजे पहुंचकर 10:54 बजे, जबकि फर्रुखाबाद–छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस (15084) 15:56 बजे पहुंचकर 15:58 बजे प्रस्थान करेगी। प्रयागराज–भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस (14117) शाम 19:44 से 19:46 बजे तक तथा भिवानी–प्रयागराज कालिंदी एक्सप्रेस (14118) सुबह 7:46 से 7:48 बजे तक अरौल मकनपुर स्टेशन पर रुकेगी।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन छह ट्रेनों के अलावा अन्य सभी स्टेशनों पर ट्रेनों का संचालन अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार ही किया जाएगा। अस्थायी ठहराव व्यवस्था से बसंत पंचमी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक बनेगी।






