ठंड से जंग: फर्रुखाबाद में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने संभाला मोर्चा, जरूरतमंदों को बांटे कंबल, रैन बसेरों का किया निरीक्षण

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने शनिवार देर रात इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से जरूरतमंदों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाई।

इस दौरान फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन, फर्रुखाबाद बस अड्डा और लोहिया अस्पताल परिसर में लगभग 60 जरूरतमंद लोगों को कंबल उपलब्ध कराए गए। जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर वितरण कार्य की निगरानी की और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

इसके बाद जिलाधिकारी ने लोहिया अस्पताल परिसर में संचालित रैन बसेरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां ठहरे लोगों के साथ-साथ ओपीडी में इलाज के लिए आए मरीजों और उनके तीमारदारों को भी कंबल वितरित किए, ताकि उन्हें ठंड से बचाया जा सके।

इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन शीश महरोत्रा ने बताया कि यह अभियान सोसायटी के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी भविष्य में भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए इसी तरह के जनकल्याणकारी कार्य निरंतर करती रहेगी।

जिला प्रशासन और रेड क्रॉस सोसायटी के इस संयुक्त प्रयास से ठंड के मौसम में असहाय और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिली है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News