अंबानी ने गुजरात में किया निवेश का सबसे बड़ा ऐलान, मोदी को कहा “भारत की सुरक्षा की दीवार”
Share your love

संवाद 24 गुजरात। गुजरात के राजकोट में रविवार को आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल सम्मेलन में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुले दिल से तारीफ की और गुजरात के लिए कंपनी के भविष्य के बड़े निवेश की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मोदी के विज़न ने न सिर्फ गुजरात बल्कि पूरे भारत को भविष्य की दिशा दी है, जिससे निवेशक विश्वास और विकास की गति में नई जान आई है।
मोदी को बताया “अजेय सुरक्षा दीवार”
मुकेश अंबानी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वैश्विक चुनौतियों और राजनीतिक अस्थिरता के बावजूद भारत आगे बढ़ रहा है और उसकी सबसे बड़ी ताकत उसका नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि दुनिया जहां अनिश्चित भविष्य की ओर बढ़ रही है, वहीं भारत को चुनौती का सामना करने में सक्षम बनाता है “नरेंद्र भाई मोदी नाम की अजेय सुरक्षा दीवार।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि मोदी के नेतृत्व ने भारत को सहिष्णु, आत्मविश्वासी और अवसरों के लिए खुला देश बना दिया है, जिसने औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है।
गुजरात में निवेश दोगुना करने का बड़ा एलान
अंबानी ने सम्मेलन के मंच से ऐलान किया कि रिलायंस अगले पांच वर्षों में अपने गुजरात निवेश को दोगुना करते हुए ₹7 लाख करोड़ तक बढ़ाएगी। फिलहाल कंपनी ने पिछले पांच वर्षों में करीब ₹3.5 लाख करोड़ का निवेश किया था, लेकिन अब वह इसे दुगना कर रोजगार, आजीविका और आर्थिक समृद्धि को और बढ़ावा देगी।
इस निवेश का लक्ष्य कई प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित है, जिनमें शामिल हैं —
✔ स्वच्छ ऊर्जा और हरित तकनीक,
✔ डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर और एआई,
✔ खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक संस्थाएं।
गुजरात को एआई और स्वच्छ ऊर्जा हब बनाने की योजना
मुकेश अंबानी ने बताया कि रिलायंस गुजरात को हरित ऊर्जा और तकनीकी नवाचार का केंद्र बनाने पर जोर दे रहा है। कंपनी जामनगर में भारत का सबसे बड़ा “एआई-रेडी डेटा सेंटर” बनाने की योजना तैयार कर रही है, जिसका उद्देश्य स्थानीय भाषा में उपलब्ध किफायती और आम जनता के लिए सुलभ एआई सेवाएँ प्रदान करना है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि गुजरात को वैश्विक स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा और ग्रीन मटेरियल्स में अग्रणी बनाना रिलायंस की रणनीतिक प्राथमिकता है। इसमें सोलर पावर, ग्रीन हाइड्रोजन इत्यादि परियोजनाओं को शामिल किया गया है।
2036 ओलंपिक सपोर्ट और सामाजिक प्रतिबद्धताएँ
अन्य बड़े ऐलानों में रिलायंस फाउंडेशन का समर्थन भी शामिल है जो प्रधानमंत्री के 2036 ओलंपिक खेलों को अहमदाबाद लाने के विज़न का साथ देगा। इसके तहत रिलायंस सरकार के साथ मिलकर वीर सावरकर मल्टी-स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का संचालन करेगा और युवा खिलाड़ियों को वैश्विक मंच पर चमकने का मौका देगा।
अपने समापन भाषण में अंबानी ने कहा कि गुजरात ने उद्योग और निवेश के मामले में अविश्वसनीय परिवर्तन देखा है और रिलायंस इस विकास यात्रा का एक अहम हिस्सा रहेगा। उन्होंने कहा, “गुजरात सिर्फ व्यवसाय का केंद्र नहीं, बल्कि देश की आर्थिक रीढ़ है।”






