दिल्ली पत्थरबाजी मामला : सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी से पूछताछ करेगी पुलिस, CCTV से 30 लोगों की पहचान
Share your love

संवाद 24 नई दिल्ली । दिल्ली में 6 जनवरी की रात फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास हुई पत्थरबाजी के मामले में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी से दिल्ली पुलिस पूछताछ करेगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय नदवी मौके के आसपास मौजूद थे और सीनियर अधिकारियों के कहने के बावजूद वहां से नहीं हटे।
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर पत्थरबाजी में शामिल 30 लोगों की पहचान कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
अतिक्रमण हटाने के दौरान भड़की हिंसा
यह मामला फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से जुड़ा है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस और MCD की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान अफवाह फैलाई गई कि मस्जिद को गिराया जा रहा है, जिसके बाद भीड़ उग्र हो गई। पुलिस और MCD कर्मचारियों पर पथराव हुआ, जिसमें 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
नेताओं के बयान
सपा नेता एस. टी. हसन ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर जुल्म किया जा रहा है। जब 100 साल पुरानी मस्जिद और दुकानें हैं, तो लोग कब तक चुप रहेंगे।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया कि मस्जिद की वक्फ जमीन का हिस्सा गिराया गया और इसके लिए वक्फ संशोधन कानून जिम्मेदार है।
सोशल मीडिया से भड़की भीड़
पुलिस के अनुसार, 6 जनवरी की रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि मस्जिद को तोड़ा जा रहा है। यह पोस्ट खालिद मलिक नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। वीडियो के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने BNS समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
हिंसा को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। अब तक एक नाबालिग समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कानूनी स्थिति
मस्जिद प्रबंधन समिति ने MCD के 22 दिसंबर 2025 के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट ने 6 जनवरी को मामले में नोटिस जारी करते हुए सभी पक्षों से 4 हफ्ते में जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।






