पत्नी का इंजन के हत्थे से कुचला सिर शराब में धुत पति ने दी खौफनाक मौत, लूट की झूठी कहानी बेटे ने की बेनकाब

Share your love

संवाद 24संवाददाता। अछनेरा थाना क्षेत्र के गांव नयाबास में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। शराब के नशे में धुत एक पति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी ही पत्नी के सिर पर लोहे के इंजन वाले हत्थे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद खुद को बचाने के लिए उसने गांव में लूट और बदमाशों के हमले की झूठी कहानी फैला दी—लेकिन उसका झूठ उसी के बेटे ने पकड़ लिया।

नशे में हैवान बना पति
मृतका संजू देवी के पति खमान सिंह के बारे में ग्रामीणों का कहना है कि वह शराब का आदी है। घटना वाली रात भी वह नशे में था। किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर खमान सिंह ने पास पड़े भारी लोहे के इंजन स्टार्ट करने वाले हत्थे से पत्नी के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते संजू देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद रची खौफनाक साजिश
पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने वारदात छिपाने के लिए पूरी पटकथा तैयार कर ली। उसने गांव वालों को बताया कि रात में बदमाश घर में घुस आए थे और लूट का विरोध करने पर संजू देवी की हत्या कर दी। वह बार-बार अपनी कहानी बदलता रहा, जिससे ग्रामीणों को भी संदेह होने लगा।

बेटे की सूझबूझ से खुला राज
घटना की जानकारी किसी रिश्तेदार ने मृतका के बड़े बेटे ऋतिक को दी, जो जयपुर में रहता है। पिता की बातों पर शक होने पर ऋतिक ने गांव में परिचितों से घर जाकर हालात देखने को कहा। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब लोग पहुंचे तो घर का मंजर रोंगटे खड़े कर देने वाला था—संजू देवी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी, सिर पर गहरे घाव थे और पास ही खून से सना लोहे का हत्था पड़ा मिला।
मौके पर सबूत, आरोपी की कहानी धरी रह गई
सूचना मिलते ही अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आरोपी के विरोधाभासी बयानों ने उसकी साजिश की पोल खोल दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में साफ हो गया कि हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि पति ने ही की है।

चार बच्चों की मां थी संजू देवी
बताया गया है कि संजू देवी चार बेटों की मां थी। बड़ा बेटा जयपुर में रहता है, एक बेटी अछनेरा में अपने ताऊ के पास थी, जबकि दो बच्चे घटना के समय घर में मौजूद थे। परिवार गांव से करीब 100 मीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में रह रहा था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है। सहायक पुलिस आयुक्त अछनेरा शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि संजू देवी की हत्या उसके पति खमान सिंह ने की है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News