
संवाद 24 संवाददाता। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक युवक ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी दिल्ली में लोगों पर दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूल रही है। आरोपों का विरोध करने पर पत्नी ने उसे भी फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी, जिससे परेशान होकर उसने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया।
पीड़ित युवक के अनुसार, उसकी शादी नवंबर 2007 में हुई थी। वर्ष 2011 में पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन कुछ समय बाद वह दिल्ली चली गई। आरोप है कि वहां उसने एक व्यक्ति के साथ मिलकर फर्जी कंपनी बनाई और ठगी की गतिविधियों में शामिल हो गई।
युवक का कहना है कि पत्नी खुद को अविवाहित बताकर लोगों से नजदीकियां बढ़ाती है और बाद में दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाकर मुकदमे दर्ज कराती है। इसके बाद पीड़ितों से समझौते के नाम पर मोटी रकम की वसूली की जाती है।
पीड़ित के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम से उनके बेटे का भविष्य खतरे में पड़ गया है। बेटे की कस्टडी अपने पास रखने के लिए उन्होंने अदालत में वाद दाखिल किया, लेकिन आरोप है कि पत्नी ने शपथपत्र में फर्जी दस्तावेज लगाकर लखनऊ का गलत पता दर्शा दिया।
युवक ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करने के साथ ही पुलिस आयुक्त से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन जब कहीं सुनवाई नहीं हुई तो अंततः कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। अदालत के आदेश पर पत्नी और उसके कथित साथी के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






