संतान सुख न मिलने से अवसाद में महिला ने की आत्महत्या
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। बिधनू थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से संतान न होने के कारण मानसिक तनाव और अवसाद में थी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
हड़हा गांव निवासी होटल संचालक शिव खिलावन यादव का विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व बांदा जिले के पछनेही गांव निवासी बाबूराम यादव की बेटी शिवानी (26) से हुआ था। परिजनों के अनुसार विवाह के लगभग तीन वर्ष बाद शिवानी ने एक बेटी को जन्म दिया था, लेकिन समय से पहले प्रसव होने के कारण नवजात की जन्म के तुरंत बाद ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही शिवानी गहरे अवसाद में रहने लगी थी।
पति का कहना है कि गुरुवार रात शिवानी ने उससे दूसरा विवाह करने की बात कही, जिससे वह नाराज हो गया और उसी बात को लेकर कमरे से बाहर जाकर सो गया। देर रात जब उसकी नींद खुली और वह कमरे में गया तो देखा कि शिवानी का शव पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका हुआ था। यह दृश्य देख उसके होश उड़ गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला संतान न होने के कारण मानसिक तनाव में थी। फिलहाल किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक दबाव जैसे गंभीर मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित करती है।






