पुत्र जन्म की खुशी में मातम: लाइसेंसी बंदूक से अचानक चला फायर, युवक की मौत

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। खुशियों के बीच जरा-सी लापरवाही किस तरह जिंदगी छीन लेती है, इसका दर्दनाक उदाहरण थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पारोली सिकरवार में सामने आया। पुत्र जन्म की खुशी में गुड़ बांटने का कार्यक्रम उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब लाइसेंसी बंदूक में कारतूस डालते समय अचानक गोली चल गई। गोली सामने खड़े युवक के सीने में जा लगी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विवेक के सोमवार को पुत्र का जन्म हुआ था। इसी उपलक्ष्य में बुधवार सुबह उसके घर पर गुड़ बांटने का कार्यक्रम रखा गया था। इस खुशी में गांव के करीब 30 से 35 लोग एकत्र थे। माहौल उत्सव का था, लोग बधाइयां दे रहे थे, तभी गांव का ही सुभाष शर्मा अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लेकर वहां पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुभाष बंदूक में कारतूस डाल रहा था, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली सीधे सामने खड़े अजय उर्फ कठेरिया (32), पुत्र लायक सिंह, के सीने में जा लगी। गोली की आवाज के साथ ही वहां अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ अजय को परिजन और ग्रामीण तत्काल आगरा के अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने बताया कि यह हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। जिस गांव में सुबह नवजात के स्वागत की खुशियां थीं, वहीं कुछ ही घंटों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News