मासूमियत पर दरिंदगी: कानपुर में बच्चे के साथ हैवानियत की दिल दहला देने वाली घटना
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के जूही इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। एक मजदूर परिवार का मात्र 8 साल का मासूम बच्चा, जो घर के बाहर निश्चिंत होकर खेल रहा था, पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय किशोर की हवस का शिकार बन गया। आरोपी ने लट्टू दिलाने के बहाने बच्चे को अपने घर बुलाया और पालतू कुत्ते से कटवाने का डर दिखाकर उसे तीसरी मंजिल के कमरे में ले जाकर घिनौना अपराध किया।
घटना मंगलवार दोपहर की है। बच्चा रोते-बिलखते खून से लथपथ घर पहुंचा और मां को अपनी आपबीती सुनाई। मां के होश उड़ गए। परिवार वाले तुरंत परमपुरवा चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया था, लेकिन दरवाजा तोड़कर पुलिस उसे चौकी ले आई।
परिवार वालों का दावा है कि आरोपी इससे पहले भी कई मासूम बच्चों को अपना शिकार बना चुका है, लेकिन बदनामी के डर से किसी ने शिकायत नहीं की थी। जूही थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।






