फॉर्च्यूनर की टक्कर से छात्र बाल-बाल बचा, बाइक 700 मीटर तक घसीटी गई, भीड़ ने कार सवार को पकड़कर पीटा
Share your love

संवाद 24 डेस्क। वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार की टक्कर से एक छात्र की जान जाते-जाते बच गई। आरोप है कि कार चालक ने छात्र की बाइक को टक्कर मारने के बाद वाहन नहीं रोका, बल्कि बाइक को करीब 700 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद छात्रों और राहगीरों ने कार का पीछा कर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी।
घटना यूपी कॉलेज के बाहर अर्दली बाजार इलाके की है। जानकारी के अनुसार, छात्र आशुतोष रघुवंशी अपनी बाइक से जा रहा था, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक कार में फंस गई, जबकि छात्र सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट से बच गया।
700 मीटर तक पीछा, पथराव भी हुआ
घटना देख कॉलेज के छात्रों ने कार का पीछा किया। चालक ने घबराकर वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। इस दौरान बाइक सड़क पर घिसटती रही और चिंगारियां निकलती रहीं। पीछा करते देख आसपास के लोग भी जुट गए और कार पर पथराव शुरू हो गया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए।
अर्दली बाजार चौकी के पास कार रुकने पर भीड़ ने चालक को बाहर निकालकर पीट दिया। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में लिया।
ब्लॉक प्रमुख का बेटा निकला चालक
पुलिस के अनुसार, फॉर्च्यूनर चला रहा युवक चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक प्रमुख का पुत्र है। वाहन उसकी मां के नाम पर पंजीकृत बताया गया है। पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
थाने में समझौता
कैंट थाने में दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत चली, जिसके बाद आपसी सहमति से मामला शांत करा दिया गया। किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।






