मुसलमान तौहीद पर ही विश्वास करता है, किसी अन्य की पूजा संभव नहीं: मौलाना महमूद मदनी

Share your love

RSS सरकार्यवाह के बयान पर जमीयत अध्यक्ष का पलटवार, कहा— इबादत और प्रकृति प्रेम को न मिलाया जाए

संवाद 24 लखनऊ। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुसलमान का ईमान तौहीद पर आधारित है, यानी अल्लाह एक है, और इसी विश्वास के तहत किसी अन्य की पूजा का प्रश्न ही नहीं उठता। मदनी ने कहा कि देश की मिट्टी और प्रकृति से प्रेम करना और उसकी रक्षा करना अलग बात है, जबकि पूजा करना धार्मिक आस्था से जुड़ा विषय है—दोनों को एक नहीं माना जा सकता।

आरएसएस सरकार्यवाह द्वारा मुसलमानों से सूर्य, नदी और वृक्षों की पूजा करने संबंधी सुझाव पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना मदनी ने कहा कि इस्लाम और मुसलमानों की आस्था व इबादत की पद्धति किसी भी समझदार और शिक्षित व्यक्ति से छिपी नहीं है। इसके बावजूद संघ के शीर्ष पदों पर बैठे लोगों द्वारा इस तरह के बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है और यह इस बात का संकेत है कि उन्होंने इस्लाम को गंभीरता से समझने का प्रयास नहीं किया।

मौलाना मदनी ने कहा कि एक ईश्वर पर पूर्ण विश्वास और उसी की इबादत इस्लाम का मूल स्तंभ है। पैगंबर द्वारा बताए गए मार्ग पर चलना मुसलमान की आस्था का अभिन्न हिस्सा है, जिसमें किसी भी प्रकार का विचलन संभव नहीं है। उन्होंने दोहराया कि मुसलमान अपनी धार्मिक मान्यताओं से समझौता नहीं कर सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि दत्तात्रेय होसबाले का आह्वान इस बात को दर्शाता है कि संघ अब तक ‘प्रिय’ और ‘पूज्य’ के बीच के बुनियादी अंतर को समझने और समझाने में असफल रहा है। मौलाना मदनी ने तंज कसते हुए कहा कि या तो संघ वैचारिक और व्यवहारिक रूप से देश का मार्गदर्शन करने की योग्यता नहीं रखता, या फिर वह इस जिम्मेदारी को गंभीरता से लेने को तैयार नहीं है।

अपने बयान के अंत में मौलाना महमूद मदनी ने कहा कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए राष्ट्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए ठोस और संवेदनशील कदम उठाने होंगे, न कि ऐसे बयान, जो समाज में भ्रम और दूरी पैदा करें।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News