हाईवे पर क्रेटा–डंपर की भीषण टक्कर, चार लोगों की मौत; जलसे से लौटते समय हुआ हादसा
Share your love

संवाद 24 डेस्क। बिजनौर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में क्रेटा कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसा हरिद्वार रोड पर नांगल थाना क्षेत्र में रात करीब 11:30 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डंपर में फंसी कार को हटवाया और दरवाजे काटकर शव बाहर निकाले।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग नहीं खुले। मृतकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार की लंबाई काफी हद तक कम हो गई, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मृतकों की पहचान कारी इकबाल (75), अशफाक (65), एहतेशाम (25) और सलाउद्दीन (26) के रूप में हुई है। कारी इकबाल क्षेत्र के जाने-माने इस्लामी विद्वान थे। वह एक मदरसे के जलसे में प्रवचन देने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों युवक उन्हें घर छोड़ने के लिए कार से निकले थे।
गांव से कुछ किलोमीटर पहले ही कार आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मातम का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
नांगल थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।






