अवैध संबंध के शक में पत्नी की हत्या, 25 किलोमीटर दूर खेत में फेंका शव; टैटू से हुई पहचान
Share your love

संवाद 24 डेस्क। वाराणसी में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के लिए शव को बुरी तरह क्षत-विक्षत करने के बाद करीब 25 किलोमीटर दूर खेत में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना चोलापुर थाना क्षेत्र के कैथोर गांव की है, जहां रविवार सुबह बाजरे के ढेर में एक महिला का शव मिला। खेत मालिक जब फसल उठाने पहुंचा तो खून से सनी लाश देखकर घबरा गया। वह बोल और सुन नहीं सकता था, लेकिन इशारों से गांववालों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर ग्रामीणों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
शव का चेहरा और सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा था। जांच के दौरान पुलिस को महिला के हाथों पर बने टैटू से अहम सुराग मिला। एक हाथ पर दिल के पास ‘PL’ और दूसरे हाथ पर ‘GP’ लिखा हुआ था। इन्हीं निशानों के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान सोनबरसा गांव निवासी लक्ष्मी के रूप में की।
जांच में सामने आया कि मृतका का पति प्रदीप मिश्रा, जो पेशे से ऑटो चालक है, अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार को फोन पर झगड़े के बाद उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी ने पत्नी को घूमाने के बहाने ऑटो से गांव के बाहर सुनसान स्थान पर ले जाकर मफलर से गला घोंट दिया। इसके बाद शव को कैथोर गांव के एक बगीचे में ले जाकर ईंट से सिर और चेहरे को कुचल दिया, ताकि पहचान न हो सके। फिर शव को सूखे बाजरे के ढेर में छिपाकर घर लौट आया।
पुलिस ने मौके से खून से सनी ईंट, चप्पल और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






