लखनऊ में रिश्तों का खूनी अंत: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कराई

Share your love

मिलने से इनकार पर रॉड से सिर पर किए गए ताबड़तोड़ वार, मुख्य आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

संवाद 24 लखनऊ। लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां पत्नी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कराने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान 30 वर्षीय शिव प्रकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में पत्नी सविता, उसके प्रेमी सतीश और सविता की बहन कविता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना शनिवार देर रात पूर्वीदीन खेड़ा गांव की है। जानकारी के अनुसार, शिव प्रकाश मूल रूप से मलिहाबाद थाना क्षेत्र के भदेसरमऊ का रहने वाला था और पत्नी के साथ पूर्वीदीन खेड़ा में रहकर मजदूरी करता था। मृतक के पिता शिवदीन ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की पत्नी सविता का पड़ोसी सतीश के साथ अवैध संबंध था, जिसका शिव प्रकाश लगातार विरोध कर रहा था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी सतीश ने स्वीकार किया है कि उसका सविता से प्रेम संबंध था और शिव प्रकाश को इसकी जानकारी हो गई थी। इसी को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा था। आरोपी ने बताया कि घटना की रात शिव प्रकाश से मिलने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसकी जान ले ली गई। पुलिस ने आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है। सविता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आधी रात घर के बाहर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस को दिए बयान में सविता ने दावा किया कि सतीश से उसके पति का पुराना विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में सतीश ने हमला किया। सविता के अनुसार, शनिवार रात करीब एक बजे सतीश घर के बाहर गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर जैसे ही शिव प्रकाश बाहर आया, आरोपी उसे घसीटते हुए सड़क तक ले गया और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पर सविता के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी शिव प्रकाश को मृत समझकर फरार हो गया।

पड़ोसियों की मदद से शिव प्रकाश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना रात करीब ढाई बजे सविता ने ससुर शिवदीन को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला

मृतक के पिता शिवदीन ने बताया कि 20 जुलाई को भी सतीश ने शिव प्रकाश पर हमला किया था, जिसकी शिकायत पारा थाने में दी गई थी। आरोप है कि सविता की बहन कविता की पुलिस में जान-पहचान होने के कारण उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी के हौसले और बढ़ गए। शिवदीन ने इस हत्या में सविता और उसकी बहन की भी संलिप्तता होने का आरोप लगाया है।

सविता के पिता राम प्रसाद ने भी बताया कि पहले भी कई बार सतीश द्वारा घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने की शिकायतें की गई थीं, लेकिन कार्रवाई प्रभावी नहीं हो सकी।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

शिव प्रकाश और सविता की लव मैरिज हुई थी। उनके दो बेटे नीतिश (10) और रौनक (7) हैं, जो फिलहाल ननिहाल में रह रहे हैं। शिव प्रकाश मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर परिजन गहरी चिंता में हैं।

प्रधान पति संतोष कुमार मौर्य भी परिजनों के साथ पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मांग की कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और सरकार से बच्चों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News