ईडी चार्जशीट खारिज होने के बाद कांग्रेस का आक्रोश, भाजपा कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ईडी की चार्जशीट को अदालत द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और भाजपा नेताओं के खिलाफ तीखी नारेबाजी की। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी और अंततः प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर ट्रक से पुलिस लाइन ले जाया गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता माती रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्रित हुए। कड़ाके की सर्दी के चलते संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन कांग्रेसियों के जोश में कोई कमी नहीं दिखी। जिलाध्यक्ष अमरीश सिंह गौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया।
कांग्रेसियों को रोकने के लिए पुलिस पहले से ही भाजपा कार्यालय मोड़ के पास मुस्तैद थी। इंस्पेक्टर हरमीत सिंह और कस्बा चौकी इंचार्ज उमेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। हालांकि पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई और कांग्रेसी आगे बढ़ते हुए भाजपा कार्यालय तक पहुंच गए।
भाजपा कार्यालय का गेट बंद होने के चलते कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर बाद पीछे से अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कांग्रेसियों को उठाकर पुलिस ट्रक में बैठाया और गिरफ्तारी की घोषणा करते हुए सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह मुन्ना, वाजिद कुरैशी, बसंत लाल, मनोरमा संखवार समेत करीब आधा सैकड़ा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल रहे।






