चार्जिंग के दौरान धमाका, ई-स्कूटी में लगी भीषण आग, बाजार में मची अफरा-तफरी

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शाहगंज क्षेत्र के व्यस्त रूई की मंडी चौराहे पर चार्जिंग में लगी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी अचानक तेज धमाके के साथ फट गई, जिससे स्कूटी में भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज से पूरे बाजार में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है। रूई की मंडी निवासी विशाल गोयल की मिष्ठान की दुकान के सामने उनकी ई-स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी। अचानक तेज आवाज के साथ बैटरी फटी और स्कूटी आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ा एक अन्य स्कूटर भी उसकी चपेट में आ गया।

धमाके के बाद आसपास की दुकानों में मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए और सुरक्षित दूरी बना ली। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी ने लगभग 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।

प्रत्यक्षदर्शी पुरुषोत्तम ने बताया कि धमाके के बाद करीब 20 मिनट तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत यह रही कि हादसे के समय स्कूटी के पास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डी.के. सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी की बैटरी का फटना सामने आया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करते समय मानक सुरक्षा नियमों का पालन करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चार्जिंग से बचें।

यह घटना एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। विशेषज्ञों का कहना है कि सही चार्जर का उपयोग, ओवरचार्जिंग से बचाव और नियमित जांच जैसी सावधानियां ऐसे हादसों को रोकने में मददगार साबित हो सकती हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News