
2027 के चुनाव में दो-तिहाई बहुमत का लक्ष्य, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
संवाद 24, लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। सात बार के सांसद पंकज चौधरी को औपचारिक रूप से यूपी भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया गया। लखनऊ में आयोजित निर्वाचन समारोह में उनके नाम की घोषणा की गई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अध्यक्ष पद संभालने के बाद अपने पहले संबोधन में पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व की प्राथमिकता कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल निर्देश देना नहीं, बल्कि संवाद और सहयोग के जरिए संगठन को मजबूत करना है।
पंकज चौधरी ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी और एक बार फिर उत्तर प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता और बूथ स्तर तक सक्रियता पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा न तो किसी परिवार विशेष की पार्टी है और न ही किसी जाति विशेष की। उन्होंने कहा कि भाजपा वह दल है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत और समर्पण के बल पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ समारोह का समापन हुआ।






