यूपी भाजपा अध्यक्ष चुनाव: पंकज चौधरी ने किया पहला नामांकन, सीएम योगी और केशव मौर्य बने प्रस्तावक
Share your love

संवाद 24, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए पहला नामांकन दाखिल कर दिया। उनके नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रस्तावक के रूप में मौजूद रहे, जिससे उनका नाम लगभग तय माना जा रहा है।
शनिवार दोपहर से ही लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा शुरू हो गया था। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, साध्वी निरंजन ज्योति, मंत्री दारा सिंह चौहान, बाबू राम निषाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय समेत कई बड़े नेता कार्यालय पहुंचे। कुछ देर बाद केंद्रीय नेता विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वहां पहुंचे।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व पंकज चौधरी को प्रदेश में बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपने के मूड में है। माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी सामाजिक संतुलन और संगठन को नई ऊर्जा देने के लिए इस चेहरे पर दांव लगा रही है। खास तौर पर समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को कमजोर करने की रणनीति के तौर पर भी इसे देखा जा रहा है।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा,
“आज भाजपा के सभी सांसदों को बुलाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना है, उसी प्रक्रिया के तहत सभी को आमंत्रित किया गया है। अब आगे पार्टी तय करेगी कि किसे पर्चा दाखिल करना है और किसे नहीं।”
गौरतलब है कि पंकज चौधरी कुर्मी (ओबीसी) समुदाय से आते हैं, जो उत्तर प्रदेश में एक बड़ा और प्रभावशाली वोट बैंक माना जाता है। पार्टी में पहले से कई ओबीसी चेहरे मौजूद हैं, लेकिन पंकज चौधरी को आगे लाकर भाजपा संगठन में नई सोच और ऊर्जा लाने की कोशिश कर रही है।
इससे पहले शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष की अगुआई में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और दोनों उप मुख्यमंत्रियों के साथ प्रदेश अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया को लेकर अहम बैठक भी हुई थी।
अब सभी की निगाहें औपचारिक घोषणा पर टिकी हैं, लेकिन पंकज चौधरी के पहले नामांकन के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद की तस्वीर काफी हद तक साफ होती नजर आ रही है।






