श्रीराम सेवा समिति के द्वि-दिवसीय एकादशी उत्सव का भव्य समापन

संवाद 24 संवाददाता। श्रीराम सेवा समिति, आगरा द्वारा बलकेश्वर स्थित ईश्वरीराम पंजवानी सिंधी धर्मशाला कपड़ा मंदिर परिसर में आयोजित द्वि-दिवसीय सामूहिक एकादशी उत्सव का मंगलमय समापन वैदिक विधि-विधान और पूजन-अर्चन के साथ हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि राकेश गर्ग राज्य मंत्री लघु उद्योग एवं विशिष्ट अतिथियों का हृदयपूर्वक स्वागत और सम्मान किया गया।

समारोह में पहुंचे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक पूजा, हवन तथा धर्मार्थ अनुष्ठानों में भाग लिया। समिति के अनुसार, इस आयोजन में विभिन्न प्रदेशों से पहुंचे 71 दंपतियों ने पूजन और दान-पुण्य में हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले इस पावन उत्सव में सुबह से शाम तक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों की ध्वनि गूंजती रही।

महिलाओं द्वारा प्रस्तुत भक्तिगीत और आयोजन की भव्यता ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। जैसे ही भगवान के भजन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने थिरकना शुरू किया, पूरा परिसर भक्ति-मय हो उठा।

समापन अवसर पर समिति द्वारा दान-पुण्य कराया गया और ब्राह्मणों के भोजन का भी विशेष प्रबंध किया गया। बाद में सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समिति के संस्थापक आशीष अग्रवाल, संरक्षक नीतू अग्रवाल, अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, कोषाध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री संजय श्रीवास्तव, राजू चौधरी, अनुज यादव, रिंकू यादव, विपिन गर्ग, सोनू मित्तल सहित कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

श्रीराम सेवा समिति ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने के उद्देश्य से निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News