कानपुर के अरमापुर जंगल में मिले एक दर्जन गोवंश के अवशेष, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने काटा हंगामा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर पनकी थाना क्षेत्र के अरमापुर नहर किनारे जंगल में सोमवार को गोकशी की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंच गए। मौके पर करीब एक दर्जन गोवंश के कटे-फटे अवशेष बिखरे मिले। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
दो महीने पुराने लग रहे हैं अवशेष बजरंग दल के कार्यकर्ता अनूप कुमार, आयुष शुक्ला, अंबर दुबे, रामजी और छोटू पंडित ने बताया कि कई दिनों से इस इलाके में देर रात अपाचे बाइक से रेकी और फिर लोडर से गोवंश लाकर काटने की खबरें मिल रही थीं। सोमवार को जब वे मौके पर पहुंचे तो जंगल में एक दर्जन से ज्यादा गोवंशों के अवशेष पड़े मिले। कुछ अवशेषों से दुर्गंध भी आ रही थी।
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने प्राथमिक जांच में अवशेषों को करीब दो महीने पुराने बताया। पुलिस पहुंची, आश्वासन देकर शांत कराया सूचना मिलते ही एसीपी पनकी शिखर वर्मन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और कार्रवाई का पूरा आश्वासन दिया। मौके की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कराई गई और पशु चिकित्सक से जांच कराई गई।
बैकहो मंगाकर अवशेष हटाने का प्रयास, फिर भड़के कार्यकर्ता एसीपी के जाते ही कुछ देर बाद ही बैकहो लोडर मंगाकर अवशेषों को डी-कंपोज करने की कोशिश शुरू हुई। यह देखते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता फिर से भड़क गए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होता, सैंपलिंग नहीं होती और पोस्टमार्टम नहीं कराया जाता, तब तक अवशेषों को छूने नहीं देंगे। काफी देर तक चले तनाव के बाद अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं की मांग मान ली।
मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन एसीपी पनकी शिखर वर्मन ने बताया, “मौके पर गोवंश के अवशेष मिले हैं। पूरी जांच कराई जा रही है। पशु चिकित्सक की रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।






