चकेरी फ्लाईओवर के नीचे धधकी गद्दों की दुकान: काले धुएं के गुबार से ठप हुआ हाईवे, लोगों ने खुद बुझाई आग
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सोमवार दोपहर कानपुर-लखनऊ नेशनल हाईवे पर चकेरी स्थित जेके कॉलोनी के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब फ्लाईओवर के ठीक नीचे बनी अवैध गद्दे की दुकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी। जनरेटर से निकली चिंगारी ने देखते-ही-देखते सैकड़ों गद्दों और रुई को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें फ्लाईओवर के ऊपर तक पहुंच गईं और काले धुएं का इतना घना गुबार उठा कि हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
30 मिनट तक हाईवे रहा ठप, वाहन चालक सहमे दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। हाईवे से गुजर रहे ट्रक, बस और कार सवार डर के मारे रुक गए। कई किलोमीटर तक जाम जैसी स्थिति बन गई। धुएं से लोगों की आंखों में जलन होने लगी और सांस लेने में तकलीफ होने की शिकायतें आने लगीं।
दुकानदार और मोहल्ले वालों ने मिलकर पाया काबू दुकान मालिक मोहम्मद शमीम और आसपास के लोगों ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने पास के घरों से, बाल्टी और मोटर से पानी निकालकर करीब आधे घंटे की जद्दोजहद के बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया। तब जाकर हाईवे पर फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली और यातायात फिर से शुरू हो सका।
फायर ब्रिगेड और पुलिस पहुंची आग बुझने के बाद सूचना मिलने के बावजूद फायर ब्रिगेड और चकेरी थाने की पुलिस मौके पर करीब आधे घंटे देरी से पहुंची, जब तक स्थानीय लोगों ने आग पूरी तरह बुझा दी थी। फायरकर्मी सिर्फ ठंडा करने का काम कर लौट गए।अवैध कब्जे पर सख्ती का दावा एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया, “फ्लाईओवर के नीचे अवैध अतिक्रमण और दुकानें लगाने वालों को पहले भी चेतावनी दी गई थी। इस घटना के बाद फिर से सख्त हिदायत दे दी गई है। जल्द ही अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाएगा।”
स्थानीय लोग कहते हैं कि फ्लाईओवर के नीचे दर्जनों अवैध दुकानें और गोदाम सालों से चल रहे हैं। आए दिन शॉर्ट सर्किट और चिंगारी की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन सिर्फ मौखिक चेतावनी देकर चला जाता है। इस बार जान-माल का बड़ा हादसा टल गया, लेकिन लोग पूछ रहे हैं ।अगली बार इंतजार किसका किया जाएगा?






