बहराइच में आदमखोर भेड़ियों का कहर
Share your love

5 साल के मासूम को घर से उठा ले गए, इलाज के रास्ते में हुई मौत
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में आदमखोर भेड़ियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा घटना में दो भेड़ियों ने 5 वर्षीय बच्चे स्टार को उसके घर से उठा ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक भेड़िया बच्चे की गर्दन दबोचकर घसीट ले गया, जबकि दूसरा उसके पैरों को पकड़कर साथ दौड़ रहा था।
लोगों ने शोर मचाते हुए लाठी-डंडों से भेड़ियों का पीछा किया, लेकिन तब तक वे बच्चे को करीब 500 मीटर दूर खेत में छोड़कर फरार हो चुके थे। मासूम खून से लथपथ मिला—उसकी दोनों हथेलियां और पंजे भेड़िए नोंचकर खा चुके थे।
परिजन बच्चे को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर किया गया। लेकिन लखनऊ ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
3 महीने में 9 लोगों की मौत, 38 घायल
बीते तीन महीनों में भेड़ियों के हमलों में 8 बच्चों और एक महिला की जान जा चुकी है। 38 से अधिक लोग अब तक घायल हो चुके हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बहराइच पहुंचे थे और आदमखोर भेड़ियों को मारने के निर्देश दिए थे। उसके बाद 4 भेड़िए मारे भी गए, लेकिन हमलों का सिलसिला अब भी जारी है।
10 दिन पहले भी बच्ची को उठा ले गए थे भेड़िए
घटना स्थल के पास के ही गांव से करीब दस दिन पहले भी एक बच्ची को भेड़िए उठा ले गए थे। बच्ची का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात में अपने बच्चों को घरों से बाहर निकलने ही नहीं दे रहे। प्रशासन और वन विभाग पर भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।






