यूपी BJP ने जारी की 14 जिलाध्यक्षों की सूची, दागी मुखलाल पाल बाहर, 5 पुराने चेहरे फिर लौटे, 14 जिलों पर अभी भी फैसला बाकी
Share your love

उत्तर प्रदेश भाजपा ने बुधवार को 14 नए जिलाध्यक्षों के नाम घोषित कर दिए। सूची में जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, 7 सामान्य वर्ग, 6 पिछड़ी जातियों और 1 अनुसूचित जाति के प्रतिनिधि शामिल हैं। खास बात यह है कि 14 में से 5 जिलाध्यक्षों को दूसरी बार जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जालौन में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के जिले से उर्विजा दीक्षित को दोबारा मौका मिला। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के गृह जिले कौशांबी में धर्मराज मौर्य को फिर से अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा अलीगढ़ के कृष्णपाल सिंह, अलीगढ़ महानगर के राजीव शर्मा और फिरोजाबाद के उदय प्रताप सिंह पर भी पार्टी ने भरोसा कायम रखा है।
दागी मुखलाल पाल की छुट्टी, फतेहपुर में नया जिलाध्यक्ष
फतेहपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल पर लग चुके 50 लाख रुपए लेने के आरोपों के चलते पार्टी ने उन्हें पद से हटा दिया। उनकी जगह अन्नू श्रीवास्तव को नई जिम्मेदारी दी गई है।
मुखलाल पाल पर आरोप था कि उन्होंने एक पार्टी नेता से जिलाध्यक्ष बनवाने के नाम पर 50 लाख रुपए लिए, लेकिन रकम पार्टी फंड में जमा नहीं की। इस प्रकरण का ऑडियो भी सामने आया था। शिकायत के बाद जांच कमेटी बनी, लेकिन अंतिम कार्रवाई नहीं हो सकी थी। बाद में एसपी फतेहपुर को ‘हड़काने’ वाला उनका वीडियो भी वायरल हुआ था, जिससे विवाद और बढ़ा।
अब तक 84 जिलाध्यक्षों की घोषणा पूरी
17 मार्च को पहली सूची में 70 जिलाध्यक्ष घोषित किए गए थे। अब 14 और नाम जुड़ने के साथ कुल 84 जिलों में नेतृत्व तय हो चुका है। मात्र 14 जिलों की घोषणा बाकी है।
अब तक—
- 53 नए जिलाध्यक्ष नियुक्त
- 31 जिलाध्यक्षों को दूसरा मौका
- 45 सामान्य, 7 अनुसूचित जाति, 32 पिछड़ी जाति, 21 ब्राह्मण, 13 ठाकुर, 5 वैश्य, 4 कायस्थ समुदाय के जिलाध्यक्ष
कई जिलाध्यक्ष क्यों हटे?
- हापुड़: नरेश तोमर के खिलाफ स्थानीय विरोध; कविता माधरे नई अध्यक्ष।
- बाराबंकी: कुर्मी समाज के प्रभाव को देखते हुए राम सिंह वर्मा को जिम्मेदारी।
- मेरठ: कार्यशैली पर शिकायतें; शिवकुमार राणा की जगह हरवीर लाल पाल।
- झांसी महानगर: हेमंत परिहार के खिलाफ शिकायतें; सुधीर सिंह नए अध्यक्ष।
- हमीरपुर: स्थानीय विधायकों से विवाद; सुनील पाठक की जगह शकुंतला निषाद।
- जौनपुर: स्थानीय नेताओं के असंतोष के चलते पुष्पराज सिंह हटे; अजीत प्रजापति नए जिलाध्यक्ष।






