यूपी में ठंड का कहर: 15 शहरों में गाढ़ा कोहरा, कानपुर 7.2°C के साथ सबसे ठंडा; लखनऊ में 3 फ्लाइट रद्द – संगम पहुंचे साइबेरियन पक्षी

Share your love

संवाद 24: उत्तर प्रदेश में सर्दी तेजी से बढ़ रही है। बुधवार-गुरुवार की रात 17 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 7.2°C तक गिर गया। अयोध्या, वाराणसी, बरेली, कुशीनगर समेत करीब 15 शहर सुबह गहरे कोहरे से ढंके रहे। बरेली और कुशीनगर में विजिबिलिटी मात्र 400 मीटर रही।

कोहरे का असर हवाई सफर पर भी साफ दिखा। लखनऊ एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी कम होने के कारण 3 फ्लाइटें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 14 उड़ानों को 1 घंटे से लेकर 10 घंटे तक देरी से ऑपरेट करना पड़ा। इससे यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली।

इधर, प्रयागराज संगम पर साइबेरियन पक्षियों का पहुंचना शुरू हो चुका है। स्थानीय लोग पक्षियों को दाना खिलाते और तस्वीरें लेते नजर आए। बढ़ती ठंड के बीच कई जगहों पर अलाव भी जलाए जा रहे हैं।

मौसम विभाग का अनुमान
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले 1–2 दिन तापमान में और गिरावट हो सकती है। पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवा मौसम को और ठंडा बनाए हुए हैं। फिलहाल कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है, इसलिए शुष्क और ठंडी हवाएं जारी रहेंगी।

लखनऊ में हवाई उड़ानों पर कोहरे का असर

  • लखनऊ से मुंबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-2441 रद्द
  • लखनऊ से बेंगलुरु की उड़ान 6E-6354 रद्द
  • मुंबई से लखनऊ आने वाली 6E-2442 भी निरस्त
  • शारजाह से लखनऊ आने वाली 6E-8692 दस घंटे देर से पहुंची
  • लखनऊ से शारजाह जाने वाली 6E-8751 करीब 10.5 घंटे लेट रही
  • अन्य 12 फ्लाइटें भी देरी से ऑपरेट हुईं

बढ़ती सर्दी के बीच लखनऊ में अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम करीब 12°C के आसपास रह सकता है। गुरुवार सुबह शहर का AQI 228 दर्ज किया गया, जो ऑरेंज श्रेणी में आता है और संवेदनशील लोगों के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News