गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण में खामी: उन्नाव में पुलों के पास धंसी सड़क, अस्थायी कार्य को बताया वजह
Share your love

संवाद 24 उन्नाव। उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य के दौरान उन्नाव जिले में कई स्थानों पर सड़क धंसने की समस्या सामने आई है। जानकारी के अनुसार लगभग 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुके इस एक्सप्रेसवे पर आधा दर्जन पुलों के सस्पेंशन (एक्सपेंशन) ज्वाइंट के पास सड़क बैठ गई है, जिससे निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सबसे अधिक चर्चा सदर तहसील क्षेत्र के सराय कटियान नहर पुल के पास हुई, जहां करीब आठ मीटर तक सड़क धंसी पाई गई। इसके अलावा पुरवा रोड पर ओरहर गांव के पास बने पुल, एनएच पर बशीरतगंज, सोनिक रेलवे लाइन पुल सहित अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार की स्थिति देखी गई। कई जगह अस्थायी रूप से बोरी भरकर डामरीकरण किया गया था, जो अब बैठता दिखाई दे रहा है।
निर्माण एजेंसी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर के अधिकारियों का कहना है कि एक्सपेंशन ज्वाइंट पर स्थायी कार्य बाद में किया जाना था। निर्माण कार्य बाधित न हो और भारी वाहनों का आवागमन जारी रहे, इसलिए अस्थायी व्यवस्था की गई थी। अब एक्सप्रेसवे का कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के कारण संबंधित स्थानों पर स्थायी और मानक अनुरूप कार्य कराया जा रहा है।
यूपीडा के संबंधित इंजीनियरों के अनुसार, एक्सपेंशन ज्वाइंट पर तकनीकी प्रक्रिया के तहत पहले भराव और डामरीकरण किया जाता है, फिर निर्धारित समय के बाद काटकर ज्वाइंट का स्थायी निर्माण किया जाता है। इस प्रक्रिया में मजबूती आने के बाद ही यातायात शुरू किया जाता है। अधिकारियों ने दावा किया है कि 15 दिनों के भीतर सभी प्रभावित स्थानों पर कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि लगभग 36 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क धुरी मानी जा रही है। ऐसे में निर्माण के अंतिम चरण में सामने आई तकनीकी खामियों ने स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज कर दी है। फिलहाल संबंधित एजेंसियां मरम्मत कार्य में जुटी हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





