मैनपुरी में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का भंडाफोड़, छह सॉल्वर गिरफ्तार

संवाद 24 मैनपुरी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान जनपद मैनपुरी में सामूहिक नकल का बड़ा मामला सामने आया है। दूसरी पाली में गणित और जीव विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान विशेष सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में छह सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ अन्य मौके से फरार हो गए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, बेवर थाना क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज केंद्र के पीछे खाली खेत में बैठकर सॉल्वर उत्तर पुस्तिकाएं हल कर रहे थे। छापेमारी के दौरान गणित की दो अधलिखी कॉपियां और जीव विज्ञान विषय का प्रश्नपत्र बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि उत्तर पुस्तिकाएं परीक्षा केंद्र से बाहर भिजवाई गई थीं।

इनपुट मिलने के बाद उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम आगरा यूनिट से मैनपुरी पहुंची और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की। मौके से छह सॉल्वर को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और फरार व्यक्तियों की तलाश जारी है।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित परीक्षा केंद्र को डिबार करने तथा मान्यता प्रत्याहरण की संस्तुति की बात कही है। केंद्र के समस्त स्टाफ को बदलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। केंद्र व्यवस्थापक सहित कई संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी गई है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और कड़ी कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *