अमेठी में शिक्षक ने पत्नी को करंट लगाकर दी मौत, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
Share your love

संवाद 24 अमेठी। एक शिक्षक द्वारा पत्नी की कथित तौर पर बिजली का करंट लगाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह घटना सुनियोजित प्रतीत हो रही है। आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक का एक महिला शिक्षा मित्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी इस संबंध का विरोध करती थी, जिसके चलते दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद से तंग आकर आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
घटना 18 फरवरी की बताई जा रही है। पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु के बाद पति ने इसे वाशिंग मशीन में उतरे करंट से हुई दुर्घटना बताया था। हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पति सहित अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी।
पुलिस ने मामले की गहन जांच की। पूछताछ के दौरान आरोपी शिक्षक की निशानदेही पर घटनास्थल से बिजली का तार (दो टुकड़ों में), प्लास, टेप, टेस्टर और एक एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किए गए। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की भी जांच जारी है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि आरोपी को विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की विवेचना प्रचलित है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
घटना के बाद शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई की है। संबंधित प्राथमिक विद्यालय में तैनात आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच सुनिश्चित की जा रही है, ताकि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो सके।





