आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत, चार घायल

संवाद 24 इटावा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे 22 चक्के के ट्रक (ट्राला) से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना जसवंतनगर थाना क्षेत्र के जौनई गांव के पास की है। पुलिस के अनुसार सभी लोग दिल्ली से एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर यह दुर्घटना घटित हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जसवंतनगर थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में चेतराम (55) पुत्र देशराज एवं सुखवासी (45) निवासी इस्लामपुर, हमीरपुर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं घायलों में राजेंद्र, अंजलि, राजेश और रेशमा देवी शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।

जसवंतनगर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और असावधानी का प्रतीत हो रहा है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News