
संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज के सकरावा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में नहर और बंबा की पटरी पर अवैध खनन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार यहां लंबे समय से रात के अंधेरे में मिट्टी का अवैध दोहन किया जा रहा है, जिससे नहर विभाग को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन गतिविधियां मुख्य रूप से नहर के पश्चिमी किनारे स्थित बंबा की पटरी पर देर रात संचालित होती हैं। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए मिट्टी निकाली जाती है, जिससे नहर की संरचना और पटरी की मजबूती पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार मिट्टी हटाए जाने से कटान बढ़ने की आशंका है, जो भविष्य में सिंचाई व्यवस्था को प्रभावित कर सकती है।
मामले में खनन अधिकारी संदेश पटेल ने पुष्टि की कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्षेत्र से दो ट्रैक्टर जब्त कर सकरावा थाने में खड़े कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रकरण की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नहर विभाग के कन्नौज स्थित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। विभाग से जुड़े मनोज कुमार ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिंदापुर के महेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र, देवेंद्र, राजू और सत्येंद्र समेत अन्य लोगों ने बताया कि एक रात उन्होंने खनन कर रहे लोगों को मौके से भगा दिया था, जिसके बाद कुछ दिन तक गतिविधि रुकी रही। हालांकि, खनन प्रायः आधी रात के बाद शुरू होता है, जिससे निगरानी करना कठिन हो जाता है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से नियमित निगरानी, रात में गश्त और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है, ताकि नहर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और राजस्व हानि पर रोक लगे।






