सीएसए कैंपस में मारपीट पर बड़ी कार्रवाई: 31 छात्रों पर अर्थदंड, कई निष्कासित

Share your love

संवाद 24 कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के छात्रावासों में 14 फरवरी की रात हुई मारपीट की घटना पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। आंतरिक जांच के बाद कुल 31 छात्रों को दोषी पाया गया है, जिनके खिलाफ अर्थदंड और निष्कासन की कार्रवाई की गई है।

घटना के बाद अधिष्ठाता छात्र कल्याण, चीफ वार्डन, संबंधित छात्रावासों के वार्डन और सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मामले की विस्तृत जांच की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर कुलपति को सौंपी गई, जिसके अनुमोदन के बाद दंडात्मक कार्रवाई के आदेश जारी हुए।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, वरुणा और शेखर छात्रावास के 31 छात्र इस प्रकरण में संलिप्त पाए गए। इनमें कुछ पर 10 हजार रुपये, कुछ पर 5 हजार रुपये तथा अन्य पर 2,500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। सभी संबंधित छात्रों को 15 दिनों के भीतर जुर्माने की राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मारपीट और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोपों में कुछ छात्रों को छात्रावास से निष्कासित भी किया गया है। निष्कासित छात्रों को 24 घंटे के भीतर कमरा खाली करने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन न करने पर और कठोर कदम उठाए जाएंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि परिसर में शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षा व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संवाद 24 को मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन छात्रावासों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठा रहा है, ताकि परिसर में शांति और अनुशासन कायम रखा जा सके।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News