18 फरवरी से शुरू होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 8033 केंद्रों की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम शुरू

Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और नकल-विहीन बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने मंगलवार को लखनऊ में राज्य स्तरीय ऑनलाइन मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया।

प्रदेश भर में इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों में 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त तथा 3984 स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 जारी किए गए हैं, जबकि माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के हेल्पलाइन नंबर 18001805310 और 18001805312 भी सक्रिय रहेंगे।

नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में वॉयस रिकॉर्डर युक्त दो-दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है, जिससे वेबकास्टिंग के माध्यम से परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग होगी। राज्य स्तर पर कुल 8033 केंद्र व्यवस्थापक, 8033 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, 8033 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 427 जोनल मजिस्ट्रेट तथा मंडलीय और जनपदीय सचल दल तैनात किए गए हैं।

प्रदेश के 18 जिलों को संवेदनशील तथा 222 परीक्षा केंद्रों को अति संवेदनशील और 683 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। प्रश्नपत्रों के अतिरिक्त रिजर्व सेट भी तैयार किए गए हैं, जिन्हें डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखा जाएगा। उत्तर पुस्तिकाओं पर माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो और सूक्ष्म आकार में UPMSP अंकन भी रहेगा, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

राज्य सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं में कदाचार रोकने के लिए ‘उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024’ लागू किया है, जिसके तहत नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई का प्रावधान है। मंत्री गुलाब देवी ने परीक्षार्थियों को तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने और बेहतर परिणाम प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं तथा शिक्षकों और अधिकारियों से भी विद्यार्थियों को सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News