सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, बोले—संघ की शाखाओं में जाएं, अनुशासन सीखेंगे, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार

Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में जाकर अनुशासन और दिनचर्या सीखनी चाहिए। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि शाखाओं में जाने से जल्दी उठने की आदत विकसित होगी और 12 बजे सोकर उठने की आदत छूट जाएगी और यह उनके लिए लाभदायक साबित होगा।

मंगलवार को एक निजी चैनल के कॉन्क्लेव में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि अखिलेश यादव शुद्ध नीयत से मंदिर निर्माण जैसे कार्यों में आगे आते हैं तो इसका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें श्रीकृष्ण जन्मभूमि निर्माण के लिए भी पहल करनी चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में भारतीय जनता पार्टी 2022 से अधिक सीटें जीतकर दोबारा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन” सरकार ने प्रदेश को टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन से जोड़ा है और विकास की यह गति आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि परिवारवाद और अवसरवाद की राजनीति करने वाले दल प्रदेश की जनता का विश्वास खो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास में हुए बदलाव के कारण आम जनता वर्तमान सरकार के कार्यों का समर्थन कर रही है।

सीएम योगी ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय प्रतीकों और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान पर भी जोर देते हुए कहा कि देश के प्रतीकों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश, आधारभूत संरचना और सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जो सरकार की नीतियों का परिणाम है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News