बाराबंकी में दिनदहाड़े गोलीकांड: मुख्तार गैंग से जुड़े शोएब किदवई की हत्या

Share your love

संवाद 24बाराबंकी। शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात में कुख्यात अपराधी एवं अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक का नाम पूर्वांचल के माफिया सरगना मुख्तार अंसारी के गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना लखनऊ–अयोध्या हाईवे पर कोतवाली क्षेत्र के असेनी मोड़ के पास करीब डेढ़ बजे हुई, जब शोएब अपनी कार से लखनऊ से बाराबंकी लौट रहा था।

पुलिस के अनुसार, हाईवे से सर्विस लेन पर उतरते ही बाइक सवार दो हमलावरों ने उसकी कार को घेर लिया और पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने ड्राइविंग सीट को निशाना बनाते हुए 15 से अधिक गोलियां चलाईं, जिससे शोएब गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और लखनऊ से निकलने के बाद से ही उसकी रेकी की जा रही थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से अयोध्या की दिशा में फरार हो गए। हमलावरों की तलाश में कई पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शोएब किदवई पर हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह बाराबंकी कचहरी में वकालत भी करता था। बताया जा रहा है कि गैंग के अंदर वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश भी हत्या की संभावित वजह हो सकती है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव भेज दिया गया है और पुलिस जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।

घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने जिला अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News