भैंस चोरी गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने पीछा कर फैक्ट्री में पकड़ी संदिग्ध गाड़ी

Share your love

संवाद 24 अलीगढ़। जनपद में पिछले एक माह से लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महत्वपूर्ण सुराग हासिल किया है। खैर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध मैक्स गाड़ी की पहचान की और उसका पीछा करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि “नवीन दा गड्डी” लिखी एक मैक्स वाहन चोरी की घटनाओं में बार-बार दिखाई दे रही थी। फुटेज के आधार पर जब पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो वह एक मीट एक्सपोर्ट से जुड़ी कंपनी परिसर में जाकर रुकी, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फैक्ट्री परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि मामले में चोरी की भैंसों के कटान और गिरोह की संलिप्तता के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा इसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह का पूर्ण खुलासा कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News